पलवल। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल वर्कर्स यूनियन की जिला इकाई की बैठक मंगलवार को हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सर्व कर्मचारी के तत्वावधान में 29 मई को प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान बीरसिंह ने की। संचालन जिला सचिव बिजेंद्र सिंह चौहान ने किया। जिला प्रधान ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जनस्वास्थ विभाग को खत्म करने की साजिश के चलते छह जिलों के शहरी पेयजल और मल के कार्यों को नगर निगम के हवाले कर दिया गया है। कर्मचारियों को भी निगम में भेज दिया है लेकिन निगम में जाने के बाद न तो समय पर वेतन मिलता है न ही अन्य सुविधा मिलती है। यहां तक कर्मचारियों को गेंहू का अग्रिम कर्ज नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा विभाग में कार्यरत अस्थाई कर्मचारियों का रोजगार संकट में है । इसके विरोध में 29 मई यानि बुधवार को जिला पलवल के सैकड़ों कर्मचारी कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यालय पर प्रात: 10 बजे एकत्र होकर काले झंडे लेकर सरकार के इस निर्णय के खिलाफ शहर में प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान कर्मचारी नेता योगेश शर्मा, डालचंद, बालकिशन शर्मा, रामजीत राणा, हरकेश सौरोत, प्रताप फौजी, महेंद्र सिंह, सतपाल समेत अन्य मौजूद रहे।
---------