यात्रियों की मांग पर जीएमसीबीएल ने कराया था सड़क का सर्वे, रिपोर्ट ठीक मिलने पर चलाई बस
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जीएमसीबीएल ने रूट नंबर-120 पर गुरुगमन सिटी बस का संचालन शुरू कर दिया है। रूट पर दो सिटी बसें चलाई जा रही हैं, जो मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से सोहना बस अड्डा तक दो-दो चक्कर लगा रही हैं। सुबह में सिटी बसों का संचालन होने से दैनिक यात्रियों व विद्यार्थियों को आवागमन में सुविधा होगी। रूट पर सिटी बसें चलाने के लिए यात्रियों की मांग पर सर्वे कराकर सड़क की स्थिति की जांच की गई थी और सिटी बसों को दोबारा शुरू किया गया।
रूट नंबर-120 पर मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से सोहना के लिए पहली बस सुबह 5.45 बजे चल रही है, जो 7.25 बजे सोहना बस अड्डा पहुंच रही है। इसके बाद सोहना बस अड्डा से मेट्रो स्टेशन के लिए 7.55 बजे बस वापस चलेगी। वहीं, दूसरी बस मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से सुबह 6.50 बजे सोहना बस अड्डा के लिए रवाना होगी। यह बस करीब 8.30 बजे सोहना बस अड्डा से वापस चलेगी। मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से सोहना के बस सुहब 10 बजे चलेगी। इसके बाद करीब 11 बजे सिटी बस मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से सोहना बस अड्डा के लिए रवाना होगी। बता दें कि गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने रूट नंबर-120 वाली सड़क में गड्ढे होने के कारण सिटी बसों का संचालन काफी पहले बंद कर दिया था। इस रूट पर आने वाले कई गांवों के लोगों द्वारा जीएमसीबीएल अधिकारियों के समक्ष सिटी बसों को चलाने की मांग की थी।
रूट नंबर-120 पर सिटी बस के स्टॉपेज
रूट नंबर-120 पर गुरुगमन सिटी बसों का मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से सोहना बस अड्डा तक संचालन किया जा रहा है। रूट पर मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन से रवाना होकर सेक्टर-43, 44बी, कन्हई कॉलोनी, आरडी सिटी, वजीराबाद गांव, अंबेडकर चौक, समसपुर गांव, मेफील्ड गार्डन, मालिबू टाउन, सुभाष चौक, बादशाहपुर, भोंडसी जेल मोड़, बीएसएफ कैंप, मारुति कुंज मोड़, भोंडसी गांव, रिठोज गांव, सहजावास गांव, बेहलपा गांव, दमदमा गांव, अभयपुर गांव, दौला मोड़, लोहटकी गांव, दमदमा लेक मोड़ से होते हुए सोहना बस अड्डा तक संचालित की जा रही है। इसी रूट से होते हुए वापस मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन पहुंच रही है।
कोट
रूट नंबर-120 का सर्वे कराकर सिटी बसों का दोबारा संचालन शुरू कराया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए अन्य रूटों पर भी सर्वे किया जा रहा है। ई-बसें आने के बाद उन रूटों पर संचालन होगा। -नरेश कुमार, मैनेजर सेक्टर-10 डिपो, जीएमसीबीएल।