प्रस्तावित भवन में सामाजिक कार्यक्रम, जनकल्याणकारी बैठकें, विवाह समारोह का होगा आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। एनएच-19 स्थित कुशलीपुर क्षेत्र में जल्दी ही सरदार वल्लभभाई पटेल भवन (गुर्जर धर्मशाला) का निर्माण होगा। इसके निर्माण के लिए नगर परिषद ने 1.18 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से टेंडर आमंत्रित किया है। परियोजना के पूरा होने से पलवल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को एक आधुनिक और सुव्यवस्थित सामुदायिक भवन की सुविधा मिलेगी। नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. यशपाल ने बताया कि नगर परिषद केवल बुनियादी ढांचे के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों की सामाजिक आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता दे रही है।
प्रस्तावित भवन में सामाजिक कार्यक्रम, जनकल्याणकारी बैठकें, सामुदायिक आयोजन, विवाह समारोह एवं अन्य पारिवारिक कार्यक्रम बेहतर व्यवस्थाओं के साथ आयोजित किए जा सकेंगे। इससे लोगों को निजी स्थलों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और कम खर्च में सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। भवन का निर्माण आधुनिक तकनीक और बेहतर डिजाइन के साथ किया जाएगा। एनएच-19 पर स्थित होने के कारण यह भवन आने-जाने वाले लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। नगर परिषद चेयरमैन ने स्पष्ट किया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। कार्य की गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं हो इसके लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।