परिवार पहचान पत्र से सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
पलवल। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने मंगलवार को पंचकूला में वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा नागरिक संसाधन सूचना विभाग के माध्यम से मेरा परिवार समृद्ध परिवार के तहत परिवार पहचान-पत्र वितरण योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला भी मौजूद रहे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिले इस कार्यक्रम से जुड़े रहे। पलवल जिले में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने 20 लोगों को परिवार पहचान पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में प्रदेश चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर है। परिवार पहचान पत्र उपलब्ध होने से लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। यह योजना प्रदेश सरकार की एक अनूठी पहल है। परिवार पहचान पत्र प्रदेश में रहने वाले लोगों के लिए सुनिश्चित करेगा कि सभी लाभार्थियों को राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। साथ ही इससे भ्रष्टाचार को कम करने में मदद मिलेगी।
उपायुक्त नरेश नरवाल ने बताया कि पलवल जिले में परिवार पहचान पत्र बनाने का कार्य 90 फीसदी पूरा हो गया है। साथ ही लोगों से आह्वान किया है कि जिन्होंने अभी तक अपना परिवार पहचान पत्र नहीं बनवाया है, वे अपने नजदीकी सीएससी केंद्र पर जाकर बनवा लें। ताकि, भविष्य में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। अतिरिक्त उपायुक्त वत्सल वशिष्ठ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जिला प्रशासन द्वारा शेष लक्ष्य को जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। समारोह में पलवल के विधायक दीपक मंगला, होडल के विधायक जगदीश नायर, हथीन के विधायक प्रवीन डागर, पुलिस अधीक्षक दीपक गहलावत, डीआईओ डी.पी. कुलश्रेष्ठ, जिला परिषद की अध्यक्ष आशावती, नगर परिषद पलवल की चेयरमैन इंदु भारद्वाज और जिला परिषद के वाइस चेयरमैन संतराम सहित अन्य लोग मौजूद रहेंगे।