संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ का नारा सार्थक करते हुए हरियाणा सरकार ने जिले में हथीन उपमंडल के गांव मानपुर में इसी सत्र से राजकीय महिला काॅलेज शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। काॅलेज का भवन निर्माण होने तक काॅलेज की कक्षाएं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन में चलाई जाएंगी। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग की तरफ से अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा आदेश जारी कर दिए हैं। काॅलेज शुरू करा कक्षाएं लगवाने के लिए पलवल स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय काॅलेज के प्राचार्य बाबू लाल शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। इसके लिए विभाग ने आठ लाख रुपये की धनराशि नए कॉलेज के शिफ्टिंग आदि कराने के लिए जारी भी कर दी है।
नए सत्र में शुरू होंगी कला व वाणिज्य संकाय की कक्षाएं
इस राजकीय महिला काॅलेज के पहले सत्र में केवल कला व वाणिज्य कक्षाएं शुरू कराई जाएंगी। कला संकाय में इंग्लिश, हिंदी, इतिहास, राजनैतिक विज्ञान, भूगोल, इकोनॉमिक्स, गणित की पढ़ाई नई शिक्षा नीति के अनुरूप होगी। कला संकाय में इस बार पहले सत्र में 160 छात्राओं को दाखिला दिया जाएगा। वाणिज्य संकाय में 80 छात्राओं को प्रथम वर्ष में दाखिला दिया जाएगा। ऑनलाइन प्रक्रिया से सीटें भरी जाएंगी। यदि ऑनलाइन प्रक्रिया से दाखिला पूरे नहीं हुए तो ऑफलाइन प्रक्रिया से दाखिला किए जाएंगे।
इन गांवों की लड़कियों को होगा सर्वाधिक लाभ
मानपुर में इस राजकीय कन्या महाविद्यालय के शुरू होने से मानपुर सहित कई गांवों की लड़कियों को लाभ होगा। इस क्षेत्र में उच्चतर शिक्षा न होने के चलते काफी लड़कियां 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ देती थीं, क्योंकि यहां गांवों के लोग लड़कियों को पढ़ने के लिए बाहर शहर तथा दूसरे क्षेत्रों में नहीं भेजते थे। अब काॅलेज शुरू होने से लड़कियां पढ़ाई से वंचित नहीं रहेंगी। इस कॉलेज के शुरू होने से मानपुर, बहीन, पहाड़ी, कोट, खिल्लुका, अंधोप, नांगल जाट, गुराक्सर, अंधरोला, पचानका, गौहपुर, रूपडाका, उटावड, मलाई, घुड़ावली, टोंका, रनियला खुर्द, मालूका आदि गांवों की लड़कियाें को लाभ होगा।