संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में स्किल डिपार्टमेंट ऑफ मेडिकल लेबोरेटरी साइंसेज के बीएमएलएस और एमएमएलएस के नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत में फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान बीएमएलएस प्रोग्राम की छात्रा गीतांजलि को मिस फ्रेशर और तरुण को मिस्टर फ्रेशर चुना गया।
कार्यक्रम में स्किल फैकल्टी ऑफ मेडिकल एंड अलाइड हेल्थ साइंसेज के डीन प्रोफेसर सुनील कुमार गर्ग ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को मेडिकल लेबोरेटरी साइंसेज के क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने 10 से अधिक अस्पतालों के साथ सहयोग स्थापित किया है, जहां विद्यार्थियों को ऑन-जॉब ट्रेनिंग के अवसर मिल रहे हैं।
स्किल फैकल्टी ऑफ एप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज की डीन डॉ. सुचित्रा वशिष्ठ ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक अनुशासन, व्यावहारिक कौशल और पेशेवर जिम्मेदारियों का महत्व समझाया।
इस अवसर पर ओएसडी संजीव तायल, ज्योति नैन और डॉ. संतोष कुमार ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सुमित तेवतिया, डॉ. हिमानी, डॉ. सोनम बिसला, डॉ. भारती तंवर, डॉ. अदिति अग्रवाल, नवनीत, ममता, अंजू और डॉ. विवेक सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।