संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। थाना सदर क्षेत्र के गांव अगोन के अड्डे पर मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बालिका की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने स्कूल बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव अगोन निवासी महिपाल सैनी की आठ वर्षीय बेटी मनीषा मंगलवार शाम गांव के अड्डे के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह कथित तौर पर स्कूल बस के नीचे आ गई। बस की चपेट में आने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया कि बस सारिका इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, अगोन की थी।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने सदर थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूल बस को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बच्ची के शव को जिला अस्पताल मांडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
सदर थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि हादसे के बाद फरार हुए बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।