संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। फर्जी रिकॉर्ड प्रस्तुत कर परिवार पहचान पत्र में रिकॉर्ड अपडेट कराने की कोशिशों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। ज्योति ने कहा कि परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में नाम, जन्मतिथि, आय अथवा अन्य विवरणों में संशोधन करवाने के लिए फर्जी या भ्रामक दस्तावेज प्रस्तुत करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस में मामला दर्ज करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में गांव रीठठ निवासी जुनैद द्वारा परिवार पहचान पत्र में दर्ज एक सदस्य गुलफाना की जन्मतिथि के सत्यापन हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदन के साथ आईकेएम पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पिनगवां, खंड पुन्हाना से जारी बताकर एक स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (एसएलसी) संलग्न किया गया था। उक्त आवेदन ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों माध्यमों से विभाग को प्राप्त हुआ। जांच के दौरान दस्तावेज फर्जी निकले।अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल संज्ञान लिया गया है तथा संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करवाने के लिए प्रकरण पुलिस विभाग को भेज दिया गया है।