पलवल। शहर थाना क्षेत्र में बंद मकान को निशाना बनाकर चोर रसोई से गैस सिलेंडर और चाय के डिब्बे में छिपाकर रखे 25 हजार रुपये चोरी कर ले गए। पीड़िता की शिकायत पर थाना शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कृष्णा रेजिडेंसी निवासी ललिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक सितंबर को सुबह करीब 11 बजे घर का सामान लेने के लिए बाहर गई थीं। दोपहर करीब दो बजे वापस लौटने पर उन्होंने रसोई में जाकर देखा तो वहां रखा करीब 3,200 रुपये कीमत का गैस सिलेंडर गायब था। इसके बाद रसोई में सामान की जांच की तो चाय के डिब्बे में रखे 25 हजार रुपये भी नहीं मिले। पीड़िता ने आसपास और मोहल्ले में काफी तलाश की और लोगों से पूछताछ की, लेकिन चोरी का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।