25 दिन से चल रही कर्मचारियों की हड़ताल के कारण चरमराई सफाई व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। मांगें पूरी नहीं होने के विरोध में सफाई कर्मचारी लगातार 25 दिन से हड़ताल पर बैठे हैं, जिसके चलते शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराने लगी है। शहर के विभिन्न हिस्सों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। कूड़ा समय पर नहीं उठने से लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हड़ताल का असर मीनार गेट मार्केट में भी देखने को मिल रहा है। मार्केट के बाहर पिछले करीब 24 घंटे से कूड़े का ढेर पड़ा हुआ है। यहां से आने-जाने वाले ग्राहकों को कूड़े के बीच से निकलना पड़ रहा है। वहीं कूड़े के ढेर से उठ रही दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदार भी परेशान हैं। खासकर कूड़े के पास स्थित खानपान की दुकानों के संचालकों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि कूड़े का ढेर लंबे समय तक पड़ा रहने से दुर्गंध के साथ-साथ बीमारी फैलने का खतरा भी बना हुआ है। खानपान की दुकानों के आसपास कूड़ा जमा होना ग्राहकों के लिए भी परेशानी का कारण बन रहा है। दुकानदारों ने नगर परिषद से जल्द कूड़ा उठवाकर सफाई व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है।
दुकानदारों से बातचीत
24 घंटे से मार्केट के बाहर कूड़े का ढेर पड़ा है। दुर्गंध फैल रही है और ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है।
- अशोक
दुकान के पास कूड़ा जमा है। बदबू से दुकान पर बैठना मुश्किल हो रहा है। यहां खानपान की कई दुकानें हैं।
-रवि
मार्केट में रोजाना बड़ी संख्या में ग्राहक आते हैं। कूड़े का ढेर देखकर लोगों को परेशानी होती है।
-मनोज
सफाई कर्मचारियों की मांगों का समाधान जल्द होना चाहिए, ताकि शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट सके।
-नवीन