होडल। पुरुषोत्तम मास (मलमास) समाप्त होते ही एक बार फिर शादी-विवाह का सीजन शुरू हो गया है। मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त सोमवार से ही शुरू हो चुके हैं, लेकिन विवाह के शुभ मुहूर्त आज से आरंभ होंगे। शादी-विवाह शुरू होते ही घरों में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगेगी। शुक्रवार से शुरू होकर 12 जुलाई तक विवाह-शादियों का दौर चलेगा।
शादियों का दौर शुरू होते ही जहां कपड़े, ज्वेलरी, घोड़ा-बग्गी, कैटरिंग, बैंक्वेट हॉल और वाटिका संचालकों की मांग बढ़ेगी, वहीं फोटोग्राफरों और हलवाइयों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
विज्ञापन
हालांकि, पिछले महीनों में गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण शादी-विवाह करने वालों को महंगाई का सामना करना पड़ेगा। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार खाद्य सामग्री, कपड़े, ज्वेलरी, गैस, पेट्रोल और डीजल समेत अधिकांश वस्तुओं के दाम बढ़े हैं। इसके चलते कपड़ों से लेकर कैटरिंग, फूल-मालाएं, बैंक्वेट हॉल, फोटोग्राफर और हलवाइयों सहित शादी समारोह में उपयोग होने वाली लगभग सभी सेवाओं और वस्तुओं के दाम बढ़ गए हैं।
आचार्य पंडित कुलभूषण शास्त्री ने बताया कि पुरुषोत्तम मास समाप्त होने के बाद शुक्रवार से शादी-विवाह और अन्य सभी प्रकार के मांगलिक कार्य शुरू हो जाएंगे, जो 12 जुलाई तक जारी रहेंगे