पलवल। कस्टम क्लीयरेंस के नाम पर एक महिला से करीब तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। शिकायत पर कैंप थाना पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी इंस्पेक्टर यादराम के अनुसार कृष्णा कॉलोनी निवासी सपना ने शिकायत में कहा है कि 13 अगस्त को इंस्टाग्राम आईडी पर फ्रेड्रिक एंटोनियो नाम के एक व्यक्ति ने मैसेज किया। दोनों ने एक-दूसरे का फोन नंबर लिया और चैटिंग करने लगे। उसने कहा कि वह पोलैंड के रास्ते पर है और जन्मदिन पर तोहफा भेजने के नाम पर उसने पता भी ले लिया। पांच अगस्त को उपहारों की तस्वीर भेजी, जिसमें हैंड बैग, घड़ी, आइफोन, गियर पॉड और एक हार था। 18 अगस्त सोनिया नाम की एक महिला ने कस्टम क्लीयरेंस एजेंट के रूप में फोन किया और फ्रेड्रिक एंटोनियो द्वारा पोलैंड से पार्सल भेजे जाने की बात कह कस्टम शुल्क का भुगतान करने को कहा। कस्टम ड्यूटी के लिए महिला ने आदिल अब्दुल खान के खाते में 20 हजार रुपये डाल दिए। 20 अगस्त को दोबारा फोन आया कि आपके पार्सल को स्कैन करने के दौरान नकदी होना पाया गया है, जो कानूनी अपराध है। दो लाख 85 हजार रुपये का भुगतान करना होगा। इस तरह करीब सवा तीन लाख रुपये विभिन्न खातों में जमा करवा लिए। संवाद