दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर चार साल से ऐंठ रहे रुपये, दंपती पर केस
आर्किटेक्ट का प्लाॅट अपने नाम कराया, उसके रुपयों से ही बनाया मकान
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। आर्किटेक्ट को प्रेम जाल में फंसाकर शारीरिक संबंध बनाए और दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर करीब 90 लाख रुपये की प्रॉपर्टी व नकदी हड़प ली। आरोप है कि महिला ने पीड़ित का प्लॉट अपने नाम कर लिया और उसके रुपयों से ही प्लॉट में मकान बनवा लिया। ठगी को अंजाम देने में महिला के पति ने भी उसका साथ दिया। आर्किटेक्ट द्वारा रुपये न देने पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करवा दिया और अब फैसला करने के नाम पर रुपयों की मांग की जा रही थी। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर आरोपी दंपती के खिलाफ हनीट्रैप का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण के अनुसार, गांव मर्रौली निवासी सुमन ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका पति संतोष फरीदाबाद में आर्किटेक्ट का काम करता है। साल 2019 में उसके पति संतोष की मुलाकात एक महिला से हुई। महिला ने संतोष को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और उनके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसके बाद महिला उसके पति को दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रुपयों की मांग करने लगी। बदनामी की डर से संतोष ने महिला को रुपये देने शुरू कर दिए। आरोप है कि आरोपी महिला ने संतोष से एक प्लॉट नाम करा लिया और प्लॉट में संतोष द्वारा दिए गए रुपयों से ही मकान बना लिया। मकान बनाने वाला ठेकेदार व मजदूरों तक का भुगतान उसके पति द्वारा किया गया। इसके अलावा महिला ने एक प्लॉट उसके पति द्वारा दिए गए रुपयों से खरीद लिया। महिला को कई बार समझाने का प्रयास किया गया, परंतु वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आई और दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर रुपये ऐंठती रहती। फोन पे व गूगल पे के माध्यम भी रुपये लिए गए। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी महिला ने उसके पति से करीब 90 लाख रुपये प्रॉपर्टी व नकदी हड़प ली। इसमें आरोपी महिला के पति ने भी उसका साथ दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रुपये देने बंद किए तो कराया दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज
शिकायत में कहा गया कि जब उसके पति ने रुपये देने में असमर्थता जताई तो आरोपी महिला ने बीती 22 जुलाई को उसके पति के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया। उसके बाद मामले में समझौते को लेकर रुपयों की मांग की जा रही रही है। रुपये न देने पर आरोपी महिला के पति ने उसके पति संतोष को जान से मारने की धमकी दी है।
सीधे-साधे लोगों को फंसाना है काम
शिकायत के अनुसार, आरोपी महिला पहले भी कई लोगों से ठगी कर चुकी है। महिला होटलों में जाकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाती है, फिर उन्हें मुकदमे में फंसाने के नाम पर रुपये ऐंठती है। उसका पति भी उसके साथ वारदातों में शामिल रहता है। आरोप है कि आरोपी महिला देह व्यापार के धंधे में भी शामिल है। जिले के अंदर हनीट्रैप कर लोगों के साथ ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। करीब दो माह पहले सब इंस्पेक्टर को ठगी का शिकार बनाने के बाद कई मामलों का खुलासा हुआ। चार दिन पहले बहीन थाना अंतर्गत एक बुजुर्ग को शिकार बना उसकी पांच बीघा जमीन हड़प ली गई। अब एक आर्किटेक्ट को फंसाने का मामला दर्ज किया गया है।