स्कूल, कालेजों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में छेड़छाड़ करने, अश्लील फब्तियां कसने वाले मजनुओं के लिए पुलिस ने जिले में चार टीमों का गठन किया है। इसके जरिए ऑपरेशन दुर्गा को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
यह टीमें जिले में सभी सार्वजनिक स्थानों, स्कूल व कालेजों, बस अड्डे के आसपास व रेलवे स्टेशनों के पास जाकर मजनुओं पर नजर रखेंगी। जहां कहीं भी कोई मजनूं किसी महिला, युवती को तंग करता मिला, उसे तुरंत उठाकर हवालात की हवा खिलाई जाएगी।
पुलिस विभाग द्वारा यह ऑपरेशन 15 मई 2017 तक चलाया जाएगा। अभियान को लेकर गंभीर जिला पुलिस अधीक्षक सुलोचना गजराज ने बताया कि गठित की गईं इन चारों टीमों के नंबर भी सार्वजनिक किए जाएंगे, ताकि कहीं किसी महिला के साथ कोई गलत हरकत हो रही हो तो वह इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दे सके। उन्होंने कहा कि जिले में महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों व घर से बाहर निकलकर पढ़ने व नौकरी करने जाने वाली महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाले मजनुओं को बिल्कुल नहीं छोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसके लिए सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। स्कूल व कालेजों में अभियान के तहत छात्राओं को जागरूक किया जाएगा । उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं के मन में घर से बाहर निकलते समय बने रहने वाले डर को खत्म करना है। उन्होंने लोगों से खासकर महिलाओं से अपील की है कि वह पुलिस के अभियान में अपना सहयोग दें तथा महिलाओं को सुरक्षित बनाएं।