पलवल। चांदहट गांव में जानलेवा हमले और गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों से सीआईए पलवल ने रिमांड के दौरान तीन देसी कट्टे, देसी पिस्टल और 13 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
सीआईए प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र कुमार के अनुसार, 22 नवंबर को गांव निवासी धर्मपाल उर्फ पाली ने शिकायत दी थी कि थार गाड़ी में सवार होकर आए आरोपियों ने उसके घर पहुंचकर गाली-गलौज और मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने अवैध हथियारों से फायरिंग कर दी। इस दौरान मौके पर पहुंचे सुखबीर और हरेंद्र भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में सौरव कुमार, शेखर उर्फ जंडको, ब्रहम और जसविंद्र उर्फ जस्से को 26 नवंबर को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित मालनपुर से गिरफ्तार किया था। तीन दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से हथियार और कारतूस बरामद किए गए। इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।