हथीन। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय, हथीन में डेस्क वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर ने बतौर मुख्य अतिथि हथीन खंड के चार सरकारी विद्यालयों को कुल 982 डेस्क वितरित किए। इनमें राजकीय कन्या प्राथमिक विद्यालय हथीन को 280, गुराकसर को 330, राजकीय प्राथमिक विद्यालय अंधरौला को 200 तथा मलोखड़ा को 172 डेस्क प्रदान किए गए।
उपायुक्त ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यालयों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। इससे विद्यार्थियों का पढ़ाई के प्रति उत्साह बढ़ता है और उन्हें सुविधाजनक वातावरण मिलता है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और विद्यालय की संपत्ति का संरक्षण करने का आह्वान किया। छात्राओं ने नए डेस्क मिलने पर खुशी जताई। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने एक पेड़ मां के नाम अभियान एवं वन महोत्सव के तहत विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया। संवाद