संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। मंगलवार को को मानव तस्करी निरोधक इकाई एवं एमडीडी ऑफ इंडिया की टीम ने तावडू पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से शहर में बाल मजदूरी के खिलाफ रेस्क्यू अभियान चलाया। अभियान के दौरान टीम ने ढाबा, बाइक रिपेयरिंग और वेल्डिंग की दुकानों पर काम कर रहे 4 बच्चों को मुक्त कराया। सभी बच्चों को शहर तावडू थाने में डीडी एंट्री कराने के बाद नूंह सामान्य अस्पताल में जनरल चेकअप कराया गया। इसके बाद सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश कर उनकी काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान दो बच्चे अन्य राज्य के पाए गए, जिनके माता-पिता उत्तर प्रदेश में रहते हैं। बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार दोनों बच्चों को दीपालय बाल गृह में भेजा गया, जबकि दो बच्चों को उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया। इस अभियान में मानव तस्करी निरोधक इकाई टीम से इंचार्ज बलवंत, बिजेंद्र, आजाद तथा एमडीडी ऑफ इंडिया टीम से नरेश, सुमन और बाल कल्याण समिति से चेयरपर्सन विनोद कुमार, सदस्य राजकुमार एवं राधेश्याम मौजूद रहे।