फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Palwal News: साइबर ठगी के चार मामले, 3.60 लाख रुपये गंवाए

विज्ञापन
विज्ञापन
क्रेडिट कार्ड, मोबाइल टावर लगवाने, फर्जी आरटीओ चालान लिंक और ऑनलाइन लहंगा खरीदने के नाम पर ठगी
विज्ञापन



संवाद न्यूज एजेंसी



पलवल। जिले में साइबर ठगी के चार अलग-अलग मामले सामने आए हैं। ठगों ने क्रेडिट कार्ड जारी होने से पहले ही उससे एक लाख रुपये निकाल लिए, मोबाइल टावर लगवाने का झांसा देकर नौकरीपेशा युवक से लाखों रुपये ऐंठ लिए, आरटीओ चालान का फर्जी लिंक भेजकर बैंक खाते से रकम निकाल ली और ऑनलाइन लहंगा खरीदने के नाम पर महिला को ठगी का शिकार बनाया। चारों मामलों में शिकायतों के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतों में 3.60 लाख रुपये की ठगी की बात सामने आई है।

क्रेडिट कार्ड पहुंचने से पहले खाते से निकले एक लाख रुपये

किशोरपुर गांव निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 14 अक्तूबर को आरबीएल बैंक का पुराना क्रेडिट कार्ड बंद कराया था। बैंक ने 15 अक्तूबर को नया कार्ड जारी कर दिया, लेकिन कार्ड उनके पते पर नहीं पहुंचा था। 16 अक्तूबर की शाम एक अनजान नंबर से क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर फोन आया, जिसे उन्होंने काट दिया। उसी रात करीब नौ बजे आए ओटीपी के बाद कार्ड से दो लेनदेन में एक लाख रुपये निकल गए।
विज्ञापन


मोबाइल टावर लगवाने का झांसा देकर ठगे 2.12 लाख रुपये

कैलाश नगर निवासी रोहित शर्मा ने बताया कि फेसबुक पर घर में मोबाइल टावर लगवाने का विज्ञापन देखकर उन्होंने संपर्क किया था। ठगों ने 35 हजार रुपये मासिक किराये और सुरक्षा कर्मी की नौकरी का लालच दिया। जमीन के सर्वे, पंजीकरण, टीडीएस, फाइल और सामान की ढुलाई के नाम पर उनसे बार-बार रुपये मंगवाए गए। गाड़ी आरटीओ में पकड़े जाने और टायर फटने का बहाना बनाकर भी रकम ली गई। शिकायत में कुल 2,12,670 रुपये ठगे जाने की बात कही गई है।

फर्जी चालान लिंक से खाते से निकले 92,997 रुपये

गौरैला मोहल्ला निवासी जयप्रकाश ने बताया कि सात अगस्त को उनके मोबाइल पर आरटीओ चालान का अनजान लिंक आया था। लिंक खोलने के दो दिन बाद उनके बैंक खाते से 49,999, 2,999 और 39,999 रुपये की तीन निकासी हुई। कुल 92,997 रुपये निकलने पर उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।

लहंगा खरीदने के नाम पर महिला से ठगी

गदपुरी निवासी सविता ने बताया कि यूट्यूब पर लहंगे का विज्ञापन देखकर उन्होंने इंस्टाग्राम के एक पेज से संपर्क किया। 800 रुपये में लहंगा देने का भरोसा देकर ठगों ने ऑर्डर बुकिंग, लॉगिन और अन्य शुल्क के नाम पर बार-बार भुगतान कराया। शिकायत में 69,929 रुपये की ठगी बताई गई है।
विज्ञापन


साइबर क्राइम थाना प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार, जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस प्रवक्ता संजय कादियान ने बताया कि पुलिस प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें