पलवल। पुलिस ने भ्रूण लिंग जांच करवाने वाले चार आरोपियों को शनिवार देर शाम गिरफ्तार किया है। आरोपी काफी समय से यह काम कर रहे थे। एक महिला को ग्राहक बनाकर पुलिस ने गाजियाबाद से दादरी ले जाते समय रास्ते में आरोपियों को दबोच लिया। सभी को रविवार को अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर ले लिया गया।
स्वास्थ्य विभाग को लिंग जांच करवाने वालों की लंबे समय से शिकायत मिल रही थी। विभाग ने डॉ. प्रवीण के नेतृत्व में गठित टीम ने प्रियंका नामक महिला को फर्जी ग्राहक बनाकर भ्रूण जांच के लिए भेजा। महिला दीपक नामक युवक से मिली और उसने ओमबीर सिंह से मिलवाया। प्रियंका ने ओमबीर को बताया कि 3 महिलाएं भ्रूण जांच करवाना चाहती हैं। तीनों के 50 हजार रुपये तय कर 40 हजार रुपये दे दिए। गाजियाबाद के दादरी ले जाते समय स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ओमबीर को दबोच लिया। ओमबीर के बताने पर पुलिस ने महेशपुर निवासी करतार, रतिपुर निवासी प्रवीण और नंगली निवासी रवि को भी गिरफ्तार कर लिया है। कैंप थाना प्रभारी इंस्पेक्टर यादराम ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों के मोबाइल वाटसएप से 12 घटनाओं का खुलासा हुआ है। आरोपी 150 से ज्यादा भ्रूण की जांच करवा चुके हैं। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि इस मामले में अन्य युवक भी शामिल हैं। वह पलवल और फरीदाबाद स्थित निजी अस्पतालों व अल्ट्रासाउंड केंद्रों में नौकरी करते हैं।