संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा परियोजना (एनपीईपी) के तहत एनसीए और एससीईआरटी के दिशा-निर्देशों के अनुसार 30 अक्तूबर को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हथीन में खंड स्तरीय रोल प्ले एवं लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें आठवीं और नौवीं कक्षा के विद्यार्थी भाग लेंगे। खंड शिक्षा अधिकारी हथीन ओमपाल तेवतिया के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार, मानसिक स्वास्थ्य, व्यक्तिगत सुरक्षा, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, नशे के दुष्प्रभाव, लैंगिक समानता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली जैसे विषयों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। खंड शिक्षा विभाग हथीन के नोडल अधिकारी रविंद्र दीक्षित ने बताया कि प्रतियोगिता के सुचारू आयोजन के लिए अधिकारियों और शिक्षकों की ड्यूटी निर्धारित की गई है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, हथीन के प्राचार्य सत्यवीर को पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छांयसा की प्राचार्य सविता जैन, पीजीटी संगीत वंदना आर्य सहित अन्य को निर्णायक मंडल में शामिल किया गया है।