हथीन।
गांव रनियाला खुर्द में बुधवार को बिजली चालित आटा चक्की का पाट टूटने से दो बच्चों सहित पांच लोगों को चोट लग गई। घायलों का इलाज शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज नलहड़ नूंह में हो रहा है। सभी खतरे से बाहर हैं। जानकारी के अनुसार रनियाला खुर्द निवासी जैकम ने नई बिजली चालित आटा चक्की ली थी। उसमें कोई तकनीकी खराबी आ गई थी। आटा चक्की को फारुख सही कर रहा था। अचानक आटा चक्की का पाट टूट गया। पाट टूटने ही उसके हिस्से आसपास खड़े लोगों को लग गए, जिसमें दो बच्चों सहित पांच लोगों को चोटें आईं। दुर्घटना में फारूक, इलियास, सहरन और जैकम के दो बच्चे घायल हुए हैं। स्थानीय विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने इस दुर्घटना के घायलों का हाल चाल जाना। उटावड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश यादव ने बताया कि दुर्घटना के बारे में उनके पास कोई सूचना नहीं है। संवाद