संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
सदर थाना क्षेत्र के
बहरौला गांव स्थित केएमपी फ्यूल जंक्शन पेट्रोल पंप पर कर्मचारी से मारपीट कर नकदी लूटने के मामले में सदर थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल स्कूटी और मोटरसाइकिल के अलावा लूटी गई रकम में से 2,650 रुपये बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। सदर थाना प्रभारी रवि कुमार के अनुसार, पेट्रोल पंप की संचालिका अंजू अग्रवाल ने छह जुलाई को शिकायत दी थी कि पांच जुलाई की रात 11:15 बजे दो युवक स्कूटी से पेट्रोल लेने आए और कर्मचारियों की रेकी की। रात करीब 12 बजे वे तीन अन्य साथियों के साथ दोपहिया वाहनों पर लौटे और कर्मचारी दीपक से मारपीट कर करीब 7,500 रुपये छीनकर फरार हो गए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन पंजीकरण नंबरों की जांच के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान राजीव, हरि मोहन, रोहित, अलीशेर और महताब खान के रूप में हुई है। सभी दिल्ली के आरके पुरम स्थित हनुमान मजदूर कैंप में रहते हैं। एसपी दीप्ति गर्ग ने कहा कि अपराध करने वाले को किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।