47 अभ्यर्थियों ने संस्थान में अपना प्रवेश सुनिश्चित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पलवल में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया का प्रथम चरण जारी है। विभिन्न ट्रेड की कुल 492 स्वीकृत सीटों के मुकाबले पहले चरण में 299 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को मंगलवार तक संस्थान में पहुंचकर अपने मूल दस्तावेजों के साथ प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
प्रवेश प्रभारी कैप्टन उदय सिंह ने बताया कि शनिवार तक 47 चयनित अभ्यर्थियों ने संस्थान में अपना प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में चयनित सभी अभ्यर्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करें। यदि कोई अभ्यर्थी तय समय में प्रवेश नहीं लेता है तो उसकी सीट नियमानुसार अगले चरण की काउंसिलिंग के लिए उपलब्ध करा दी जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अंतिम तिथि का इंतजार न करने की अपील की गई है।
आईटीआई के प्राचार्य जिले सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार संचालित की जा रही है। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से निर्धारित समय के भीतर प्रवेश लेकर तकनीकी शिक्षा का लाभ उठाने का आह्वान किया।