पलवल।
जिला रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से विद्यार्थियों के लिए फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर प्राथमिक उपचार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को दुर्घटना, चोट लगने, बेहोशी, रक्तस्राव और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में तुरंत सहायता पहुंचाने के तरीके बताए। प्रशिक्षण के दौरान सीपीआर सहित विभिन्न प्राथमिक उपचार तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी हादसे के बाद घबराने के बजाय सही समय पर प्राथमिक उपचार देकर मरीज की जान बचाई जा सकती है।
इस अवसर पर रेड क्रॉस अधिकारियों ने कहा कि फर्स्ट एड का ज्ञान प्रत्येक व्यक्ति के लिए आवश्यक है। इससे दुर्घटना या आपात स्थिति में पीड़ित को अस्पताल पहुंचने तक जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।