बेटे के पैर में, मां को हाथ में लगी और पिता के ऊपर से निकली गोली
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। शहर की बकसुआ पट्टी में पुरानी रंजिश में मां-बेटे को गोली मार दी। पिता के ऊपर से गोली निकल गई। थाना होडल पुलिस ने ग्रामीण की शिकायत पर सात नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शहर की बकसुआ पट्टी निवासी रन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे रोहित पर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया गया, जिसमें वह अदालत से जमानत पर आया हुआ था। उसी रंजिश में फायरिंग की गई। पीड़ित ने बताया कि 26 सितंबर की रात को दस बजे के करीब उसका बेटा रोहित नल लगाने के लिए गड्ढा खोद रहा था। तभी दो बाइकों पर सवार होकर देवेंद्र उर्फ लाला, गणपत, सिद्धार्थ, भरतु उर्फ कल्लू, मोहित व मनीष सहित अंकित निवासी नांगल जाट आए। इसी दौरान गणपत ने उसके बेटे रोहित को मारने की नीयत से गोली चला दी। वह भागा तो देवेंद्र उर्फ लाला ने उसे पैर में गोली मार दी। उसकी पत्नी गीता घर से बाहर आई तो गणपत गोली चला दी जो उसके हाथ में लगी। गोलियों की आवाज सुनकर जब वह घर से बाहर निकाला तो मनीष व सिद्धार्थ ने उस पर फायरिंग कर दी लेकिन वह नीचे बैठ गया, गोली उसके ऊपर से निकल गई। आरोपी की चीख-पुकार और फायरिंग फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।