घटनास्थल का मुआयना करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : Palwal
होडल। नूंह-होडल मार्ग पर सौंदहद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने कार में सवार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल युवक को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे फरीदाबाद बादशाह खान अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन, परिजन एक निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मौके से कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं। इस वारदात के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत बनी हुई है। लोगों की मांग है कि जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार किया जाए।
जानकारी के अनुसार, तीन युवक कार में सवार होकर सौंदहद स्थित सरकारी अस्पताल में कोविड टेस्ट कराने जा रहे थे। इसी दौरान जब कार सवार युवक सौंदहद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नजदीक पहुंचे तो दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन पर फायरिंग करनी शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास और अस्पताल में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। घटनास्थल पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई। इस वारदात में कार सवार सत्येंद्र नामक युवक घायल हो गया। उधर, लोगों की सूचना पर मुंडकटी चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां से उसे फरीदाबाद बादशाह खान अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। लेकिन, परिजन निजी अस्पताल में इलाज करवा रहे हैं। मुंडकटी थाना प्रभारी रामबीर का कहना है कि अब तक किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। घटना में एक युवक घायल हुआ है। शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया जाएगा। घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। कार सवार युवकों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है।