अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से पुलिस को शिकायत नहीं की गई है
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव पातली में देह शामलात की जमीन पर विवाद को लेकर जमकर फायरिंग हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों की तरफ से 60 से 70 राउंड गोलियां चलीं। मौके पर पहुंचे पुलिस बल के सामने भी फायरिंग हुई। फायरिंग को लेकर गांव में भय का माहौल बना हुआ है। इस मामले में किसी भी पक्ष की तरफ से पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है। वारदात में दो लोगों के चोटिल होने की बात भी कही जा रही है।
पातली गांव के सरपंच विपिन कुमार ने बताया कि उनके गांव में देह शामलात की करीब 14-15 एकड़ जमीन है। इस जमीन को बेचा व खरीदा नहीं जा सकता है। लेकिन कुछ लोग जमीन पर अवैध कब्जा कर हथियाने में लगे हैं। सोमवार दोपहर के समय चार-पांच गाड़ियों में कुछ लोग आए और जमीन पर कब्जा करने लगे। ग्रामीणों ने विरोध किया तो कब्जा करने वालों ने फायरिंग शुरू कर दी। सरपंच के अनुसार 50 से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग होने पर गांव वाले भाग गए और मामले की पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिस दल के सामने भी फायरिंग की गई। पुलिस बल की संख्या बढ़ने पर फायरिंग बंद हुई।
दूसरी पक्ष से दिनेश और रोहित तेवतिया ने बताया कि उन्होंने यह जमीन दो साल पहले खरीदी थी। जब वह जमीन पर कब्जा करने के लिए आए तो गांव वालों ने इसका विरोध किया। ग्रामीणों ने उनकी गाड़ियों को भी तोड़ दिया और मारने का प्रयास किया। उन्होंने अपने बचाव में फायरिंग की और छिपकर जान बचाई, जिसमें दो लोग चोटिल भी हो गए।
पातली गांव में जमीनी विवाद को लेकर फायरिंग हुई है। फायरिंग की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। अभी तक इस मामले में शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। - राधेश्याम, थाना प्रभारी, पलवल