पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर शॉर्ट सर्किट के कारण चलती कार में अचानक आग लग गई। हादसे में कार सवार युवक आग लगने से पहले ही कार से बाहर आ गया। हादसा हुडा चौक पुल के ऊपर हुआ। कुछ ही मिनटों में कार धू-धूकर जलने लगी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की गाड़ी ने आग पर काबू पाया, परंतु तब तक कार पूरी तरह जल गई। जानकारी के अनुसार दिल्ली के जमुना बाजार निवासी राम अवतार अपनी सीएनजी की वैगनआर कार में सवार होकर मथुरा से दिल्ली लौट रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित हुडा सैक्टर दो पुल पर अचानक कार के अगले हिस्से से धुंआ उठने लगा। वह गाड़ी को पुल पर साइड में रोककर उतर गया। देखते ही देखते पूरी कार में आग फैल गई।। सूचना मिलते ही शहर थाना की बस स्टैंड चौकी से पुलिस अधिकारी सुनील कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर बुला लिया। संवाद