संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। मंगलवार शाम तावडू उपमंडल से गुजर रहे कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर आग लगने से कैंटर गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। गनीमत रही कि हादसे में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, रोहतक निवासी राहुल अपनी केन्टर गाड़ी लेकर पचगांव की तरफ जा रहा था। जब वह थाना मोहम्मदपुर अहिर क्षेत्र के गांव गोयला के पास पहुंचा तो गाड़ी के अगले हिस्से में अचानक आग लग गई। आग देखकर चालक ने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और नीचे कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। हादसे में किसी अन्य वाहन या व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।