हथीन। खाइका की ग्राम पंचायत में हुए एक करोड़ 85 लाख 34 हजार रुपये के कथित घोटाले के संदर्भ में बीडीपीओ अमित कुमार ने जिला उपायुक्त के निर्देश पर दो पूर्व सरपंचों एवं तीन ग्राम सचिवों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए बहीन थाना प्रभारी को शिकायत दी है। उक्त जानकारी देते हुए बीडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि एफआईआर जिला उपायुक्त के निर्देशों पर दर्ज कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि जिन दो पूर्व सरपंचों के खिलाफ शिकायत दी गई है उनमें इकबाल एवं वनिशा शामिल हैं। इसके अतिरिक्त तीन ग्राम सचिवों सुरेंदर सिंह, आलोक एवं दिनेश के खिलाफ शिकायत दी गई है। बीडीपीओ ने बताया कि उक्त ग्राम में विभिन्न विकास कार्यों के लिए दो करोड़ 44 लाख 91 हजार 613 रुपये की धन राशि आई थी। ये धनराशि मार्च 2016 से दिसंबर 2020 की समय अवधि में आई थी।
जिला प्रशासन को धन राशि के दुरुपयोग की शिकायत मिली एवं पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट से जांच के निर्देश मिले थे। अतिरिक्त उपायुक्त सतेंद्र दुहन ने जांच के लिए कमेटी का गठन किया। कमेटी के सदस्यों पंचायत राज के कार्यकारी अभियंता, बीडीपीओ बडौली एवं अन्य ने ग्राम में जाकर जांच की तो पाया कि मात्र 59 लाख 57 हजार 117 रुपये के ही काम हुए हैं। इस तरह एक करोड़ 85 लाख 34 हजार रुपये का घोटाला हुआ है। इस शिकायत के बाद पूरे खंड के स्टाफ में हड़कंप मच गया है।