संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। गुडगांव कैनाल के पास गांव गोधोला में संचालित तीन पनीर डेयरियों पर शुक्रवार को हुई छापेमारी के बाद सदर थाना पुलिस ने तीनों डेयरी संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें खिलोनी राम पंडित, खालिद और इसूप शामिल हैं। विभाग के अनुसार, डेयरियों में असुरक्षित और सिंथेटिक खाद्य पदार्थों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा था, साथ ही खाद्य कारोबार के लिए वैध एफएसएसएआई लाइसेंस भी नहीं मिला। पुलिस को खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विकास जगलान ने बताया कि 10 सितंबर को निरीक्षण के दौरान परिसर में असुरक्षित एवं सिंथेटिक खाद्य उत्पादों के निर्माण और भंडारण के साथ-साथ रासायनिक पदार्थों की मौजूदगी भी दर्ज की। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने खाद्य पदार्थों के नमूने और अन्य भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। विभाग के अनुसार, नमूने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं और साक्ष्यों को भी एकत्रित किया गया है। जांच अधिकारी लेखराम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।