पलवल। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पृथला फ्लाईओवर के पास एक फरवरी को खड़े ट्रैक्टर से ऑटो टकरा गया था। हादसे में कविता, उनकी बेटी, एक बुजुर्ग महिला यात्री और ऑटो चालक राजेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल ऑटो सवार की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना के करीब एक सप्ताह बाद पुलिस ने आरोपित ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पलवल के हरिनगर निवासी कविता अपनी 14 वर्षीय बेटी ईशु का इलाज कराने फरीदाबाद के ईएसआई अस्पताल गई थीं। इलाज के बाद वे सीएनजी ऑटो से वापस पलवल लौट रही थीं। दोपहर करीब दो बजे जब ऑटो पृथला फ्लाईओवर से पहले पहुंचा, तभी सड़क पर खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली से वह पीछे से टकरा गया। बताया गया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना किसी चेतावनी संकेत या इंडिकेटर के बीच सड़क पर खड़ी थी, जिससे ऑटो चालक को समय रहते वाहन नजर नहीं आया। सभी को पहले जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर एम्स ट्रॉमा सेंटर दिल्ली रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों के बयान लेने की स्थिति में न होने के कारण कार्रवाई में देरी हुई। अब पीड़िता की शिकायत केस दर्ज कर लिया गया है। संवाद