संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिंगार में मंगलवार को युवा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं ने सरपंच, पंच और ग्राम सचिव की भूमिका निभाकर ग्राम सभा की कार्यप्रणाली को समझा। इस दौरान छात्राओं ने गांव के विकास, बालिका शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा और ग्रामीण समस्याओं के समाधान पर चर्चा की। साथ ही 20 लाख रुपये का काल्पनिक बजट तैयार कर विकास कार्यों के लिए धन के नियोजन की प्रक्रिया भी सीखी।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को पंचायती राज व्यवस्था, ग्रामीण विकास और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से परिचित कराना था। युवा ग्राम सभा के दौरान विद्यार्थियों ने जनप्रतिनिधियों की भूमिका निभाते हुए ग्राम सभा की बैठक का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने गांव की विभिन्न समस्याओं को सामने रखा और उनके समाधान के लिए सुझाव दिए। इसके अलावा गांव में उपलब्ध संसाधनों का उचित उपयोग करने और विकास कार्यों की समीक्षा करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
युवा ग्राम सभा में छात्राओं ने 20 लाख रुपये की काल्पनिक राशि का बजट तैयार किया। इसके माध्यम से उन्होंने समझा कि सीमित संसाधनों में गांव की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों के लिए बजट कैसे निर्धारित किया जाता है। इस दौरान शिक्षा, महिला सुरक्षा और ग्रामीण विकास जैसे विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य मोहम्मद आरिफ ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित होती है। इससे वे भविष्य में जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका बेहतर ढंग से निभा सकेंगे। कार्यक्रम में डाइट नूंह के प्रवक्ता एवं इंचार्ज माजिद, विद्यालय के प्रवक्ता अजीत सिंह और भारती सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। शिक्षकों ने छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।