हथीन थाना पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। पलवल रोड पर स्थित मलोखडा गांव में गृह क्लेश ने खूनी रूप ले लिया। 25 वर्षीय युवक ने अपने पिता की कैंची मारकर हत्या कर दी। हथीन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक अयूब के शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जा रहा है।
थाना प्रभारी हरिकिशन ने बताया कि मृतक अयूब की पत्नी हंसीरा ने बयान दिया है कि उनका बड़ा पुत्र अनीश बिना कारण अपने पिता अयूब और परिवार के साथ झगड़ा करता रहता है। बृहस्पतिवार को सुबह पांच बजे जब पूरा परिवार सोकर उठा। उसके पति अयूब ने बच्चों से पशुओं को चारा डालने के लिए कहा। बेटियों ने तुरंत ही चारा डाल दिया। इसी दौरान अकस्मात अनीश ने अपने पिता अयूब के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। विवाद इतना बढ़ गया कि अनीश अपने कमरे में गया। वहां से कपड़े काटने वाली कैंची लेकर आया। उसने अयूब की गर्दन में बाएं तरफ कैंची घोंप दी। हंसीरा के बयान के मुताबिक जब उनके छोटे पुत्र मनीष ने अपने पिता अयूब को बचाने का प्रयास किया तो उसको भी पीठ एवं हाथ में कैंची मारकर घायल कर दिया। इसके बाद घायल अयूब आंगन में लड़खड़ाते रहे। अनीश ने किसी को भी अयूब की मदद करने नहीं दी। अयूब की घर पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पड़ोसी एकत्रित हो गए। पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। परिवारजनों को पुलिस ने समझाया और मृतक अयूब की पत्नी हंसीरा के बयान दर्ज किए। पुलिस अयूब के शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास करने लगी तो परिवारजन इसको लेकर तैयार नहीं थे। मौके पर हथीन थाना प्रभारी हरिकिशन एवं डीएसपी मोहिंदर सिंह भी पहुंचे। उन्होंने परिवारजनों से बात की और जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और उसको पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। समाचार भेजे जाने तक पोस्टमार्टम प्रक्रिया जारी थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी अनीश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक अयूब के परिवार में उसके अलावा उसकी पत्नी, छह पुत्री, चार पुत्र एवं पुत्रवधू है। पुलिस मामले की जांच गहनता से कर रही है।