पलवल-हथीन रोड पर शनिवार सुबह स्विफ्ट कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मृतक का शव पोस्टमार्टम के पश्चात परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव कलसाड़ा निवासी 35 वर्षीय राजू शनिवार सुबह अपने 10 वर्षीय बेटे अंकित को डॉक्टर के पास चेकअप के लिए पलवल आ रहा था। पलवल से वापस गांव जाते समय रतीपुर गांव के पास उनकी बाइक में एक कार ने टक्कर मार दी।
इससे दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां राजू को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि राजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। दुर्घटना के बाद कार चालक फरार हो गया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मृतक के भाई शिवराज की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दुर्घटना में घायल अंकित की नाजुक हालत देखते हुए उसे दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।