पलवल। जिले की अनाज मंडियों में गेहूं खरीद प्रक्रिया के दूसरे दिन भी किसान परेशान नजर आए। पलवल अनाज मंडी में गेहूं लेकर पहुंचे किसानों के पास मैसेज न होने के चलते वापस भेज दिया गया। किसानों का आरोप है कि उनके द्वारा पोर्टल पर सबसे पहले पंजीकरण कराने के बावजूद मैसेज नहीं भेजे जा रहे हैं, जबकि जिन किसानों की फसल अभी तक खेतों में खड़ी है, उनको मैसेज मिले हैं। जिले की अधिकांश मंडियों में को यह देखने को मिला। वहीं दूसरे दिन जिले में करीब डेढ़ लाख क्विंटल गेहूं की खरीद हुई। सबसे ज्यादा हथीन अनाज मंडी में 572 किसानों से 48,580 क्विंटल गेहूं खरीदा गया।
अनाज मंडी पलवल में किसानों की सहायता के लिए लगाया गया हेल्प डेस्क दूसरे दिन ही हट गई। किसानों द्वारा इसकी शिकायत करने पर बताया गया कि बंदरों ने हेल्प डेस्क उखाड़ दिया है। अहरवां गांव के किसान प्रहलाद ने बताया कि वे गेहूं लेकर मंडी पहुंचे, लेकिन उनका गेहूं नहीं खरीदा गया। उन्हें मैसेज न होने के कारण वापस भेजा गया है, जबकि उनके द्वारा पोर्टल खुलने के दौरान सबसे पहले पंजीकरण कराया हुआ है, लेकिन अभी तक उनका गेहूं खरीदने के लिए सरकार की तरफ से मैसेज नहीं आ रहा है।
वहीं हथीन में जहां पहले दिन 34 हजार क्विंटल गेहूं की खरीद हुई, वहीं दूसरे दिन शुक्रवार को 572 किसानों के गेट पास काटे गए। उन किसानों का 48580 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है, जबकि होडल में 535 गेट पास के द्वारा 32,248 क्विंटल, बडौली 126 गेट पास के द्वारा 9,465 क्विंटल, हसनपुर में 459 गेट पास के द्वारा 24,244 क्विंटल, खांबी में 243 गेट पास के 14,566 क्विंटल, बामनीखेड़ा में 33 गेट पास 1,859 क्विंटल, औरंगाबाद 44 गेट पास के द्वारा 1,978 क्विंटल, दीघोट 14 गेट पास के द्वारा 718 क्विंटल, धतीर में 34 गेट पास के द्वारा 2571 क्विंटल व पलवल में मात्र छह गेट पास के द्वारा 523 क्विंटल गेहूं खरीदा गया है। गेहूं खरीद मामले में सभी छोटे-बड़े केंद्रों पर पलवल अनाज मंडी में सबसे कम आवक हो रही है।
गेहूं कम आने के कारण खाली बैठे रहे मजदूर
दूसरे दिन भी पलवल अनाज मंडी में गेहूं की आवक कम होने के कारण मजदूर खाली बैठे नजर आए। मजदूरों को अब अपनी रोजी-रोटी की चिंता सता रही है। मजदूरों का कहना है कि यदि गेहूं इसी तरह से कम आता रहा तो उनकी मजदूरी खत्म हो जाएगी। मजदूर दूसरे स्थानों पर भी जाने का मन बना रहे हैँ।
सभी एसडीएम ने किया निरीक्षण
गेहूं खरीद प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए उपायुक्त के निर्देश पर पलवल, होडल, हथीन के उपमंडल नागरिक अधिकारियों ने निरीक्षण कर खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। सभी एसडीएम ने अपने-अपने क्षेत्रों की मंडियों में जाकर मार्केट कमेटी के सचिवों व खरीद एजेंसियों के अधिकारियों से बात कर खरीद के बारे में पूरी जानकारी हासिल की। एसडीएम मंडियों में गेहूं बेचने आए किसानों से भी मिले। उन्होंने मंडियों में बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई आदि अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। मार्केट कमेटी के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसडीएम कंवरपाल ने बताया कि पांच व छह अप्रैल को एक बार फिर से पोर्टल खोला जाएगा। जिन किसानों ने पंजीकरण नहीं कराया है, वे उन दो दिनों में अपनी फसल का पंजीकरण करा लें।