कई बार शिकायत करने के बाद भी नहीं किया जा रहा समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
हसनपुर। हसनपुर कस्बे के पास बहने वाली गौड़ोता माइनर में पानी नहीं आने के कारण करीब एक दर्जन गांवों के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान फसलों की सिंचाई समय पर नहीं कर पाते हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी न तो प्रशासन का और न ही किसी जनप्रतिनिधि का इस तरफ ध्यान है। हालात ये हैं कि किसानों को सिंचाई को दौरान पानी के लिए भटकना पड़ता है। इस समस्या के कारण किसानों में बेहद रोष है।
उल्लेखनीय है की गौड़ोता माइनर (रजवाहा) में पानी आगरा नहर से आता है। इसी से आसपास के गांवों के किसान फसलों की सिंचाई करते हैं लेकिन पिछले कई वर्षों से यहां के किसान पानी न आने से परेशान हैं। शिकायत करते हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं करता, क्योंकि आगरा नहर का प्रबंध दिल्ली ओखला बांध से लेकर आगरा तक का क्षेत्र उत्तरप्रदेश सरकार के अधीन है। इसलिए उत्तरप्रदेश नहर विभाग के कर्मचारी अपनी मनमर्जी से आगरा नहर का पानी राज्य के रजवाहों में छोड़ते हैं। किसानों की जरूरत के अनुसार वह माइनर में पानी नहीं छोड़ते। इसलिए किसानों के खेत में हमेशा पानी की तंगी बनी रहती है ।
किसान रामचरण, चंद्रभान, सुमेर सिंह, बबली सिंह, देवी सिंह, किरण चंद, किशनवीर, राम सिंह का कहना है कि रजवाहों में पानी समय पर तभी आ सकता है, जब हरियाणा की सीमा से गुजरने वाली आगरा नहर का प्रबंध हरियाणा को दिया जाए। उनका कहना है कि यह मांग वर्षो से उठ रही है, लेकिन कोई भी नेता इस मांग पर ध्यान नहीं दे रहा है। उनके अनुसार किसान इस समस्या को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री और स्थानीय सांसद कृष्णपाल गूजर से भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन फिर भी समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों की मांग है कि इस संदर्भ में बात की जाए। एसडीएम रणवीर सिंह का कहना है कि रजवाहों में पानी छोड़ने को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हुए हैं। चुनाव बाद इस संदर्भ में एक बार फिर से बात की जाएगी और किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।