संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
शहर की अनाज मंडी में सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंडी के प्रमुख रास्तों के किनारे बनी नालियों पर कहीं घास उगी हुई है तो कहीं गंदगी जमा होने से वे चोक हो रही हैं। इससे पानी की निकासी प्रभावित होने के साथ आसपास दुर्गंध भी फैलती है। वहीं, रेलवे स्टेशन की तरफ मंडी के पीछे वाली सड़क पर मलबे के ढेर लगे होने से रास्ते से वाहनों की आवाजाही में भी दिक्कत होती है।
किसानों का कहना है कि मंडी में नियमित सफाई नहीं होने के कारण नालियों की स्थिति खराब हो रही है। कई जगह नालियों पर घास उग आई है और कचरा जमा होने से पानी का बहाव बाधित है। ऐसे में इन रास्तों से गुजरने वाले किसानों और अन्य लोगों को दुर्गंध का सामना करना पड़ता है। किसानों के अनुसार बारिश के दिनों में समस्या और बढ़ जाती है। नालियों की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी प्रभावित होती है और मंडी परिसर में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
इसके अलावा रेलवे स्टेशन की तरफ मंडी के पीछे वाले रास्ते पर मलबा जमा होने से सड़क का काफी हिस्सा घिरा रहता है। इससे किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली निकालने और वाहन खड़े करने के लिए जगह तलाशनी पड़ती है। किसानों ने संबंधित अधिकारियों से नालियों की सफाई कराने और सड़क से मलबा हटवाने की मांग की है।
किसानों से बातचीत
मंडी की आखिरी सड़क पर मलबा पड़ा होने से परेशानी होती है। वाहनों को खड़ा करने के लिए जगह नहीं मिल पाती।
- किशोरी लाल
नालियों में घास और गंदगी जमा होने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। इनके आसपास से गुजरने पर दुर्गंध भी महसूस होती है।
- मदन सिंह
किसान फसल लेकर मंडी आते हैं, यहां सफाई और आवागमन की व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। नालियों की नियमित सफाई जरूरी है।
- चंद्रपाल
रास्ते से गुजरने पर कचरे व घास जमा होने से नालियों से दुर्गंध आती है। अधिकारियों को सफाई व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए।
- रूपराम