संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। यमुना की बाढ़ के कारण गांव बागपुर के खेतों में भरे पानी में डूबने से 73 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान अपने खेत पर फसल देखने जा रहा था। पैर फिसलने के कारण वह गड्ढे में जा गिरा और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। बागपुर चौकी पुलिस ने परिजनों के बयान पर बुजुर्ग किसान के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
बागपुर चौकी प्रभारी एएसआई संजय कुमार ने बताया कि बुधवार शाम को उन्हें सूचना मिली कि गांव बागपुर के समीप खेतों में भरे यमुना के पानी में एक बुजुर्ग का शव पड़ा हुआ है। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को पानी से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान गांव बागपुर निवासी हरवंश के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि हरवंश बुधवार सुबह अपने खेतों पर फसल देखने के लिए घर से निकला था। रास्ते में जाते समय उनका पैर फिसलकर वह यमुना बाढ़ के कारण गड्ढे में भरे पानी में गिर गया। शाम तक न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की तो हरवंश पानी में मृत अवस्था में मिला। गांव बागपुर निवासी उमेश कौशिक ने बताया कि बुजुर्ग की मौत से गांव में गम का माहौल है।
पुलिस ने परिजन के बयान पर भादंसं की धारा 174 के तहत कार्रवाई कर जिला नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। चौकी प्रभारी संजय कुमार ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ का पानी उतरने तक खेतों की तरफ न जाएं। ताकि जान माल की हानि होने से बचा जा सके।