21पीएएलपी3- मृतक सुंदर की हत्या के बाद घर पर विलाप करती महिलाएं व उसका बेटा।
21पीएएलपी4- मौके पर कार्रवाई करती हुई पुलिस।
21पीएएलपी5- मृतक सुंदर का फाइल फोटो।
घर के अंदर घुसकर दिया वारदात को अंजाम, चार नामजद सहित अन्य पर मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव बड़ौली में रुपयों के लेन-देन के कारण 50 वर्षीय किसान की ईंटों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप गांव के चार युवकों पर लगा है। किसान का शव घर के अंदर पड़ा मिला। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। हत्यारोपी युवक रात के समय किसान के घर आए थे। चांदहट थाना पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर चार नामजद सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कैलाश चंद भडाना के अनुसार, गांव बड़ौली निवासी रघुराज ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके चाचा अतर सिंह का एक बेटा व दो बेटियां थीं। बेटियों की शादी हो गई थी, जबकि बेटा सुंदर खेती बाड़ी कर अपना गुजर बसर करता था। शिकायत में कहा गया कि सुंदर का गांव निवासी ऊधम, सुमित, भोली, नरेश व अन्य के साथ रुपयों का लेन-देन था। रविवार सुबह वह सुंदर के घर गया तो वह जमीन पर पड़ा था। उसने देखा कि सुंदर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर पड़ा हुआ था। सुंदर के सिर व चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे उसकी मौत हो गई थी। घर में ईंट पड़ी हुई थी, जिससे सुंदर को चोट मारी गई। सुंदर के पास रात के समय ऊधम व अन्य युक्त आए थे। उन्हें घर में आते हुए उसके अलावा हंसराज ने भी देखा था। उसे शक है कि रुपयों के लेन-देन के चलते उक्त युवकों ने सुंदर की पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार नामजद सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
घर पर अकेला रहता था सुंदर
परिजनों के अनुसार, सुंदर का कोई भाई नहीं था। उसकी दोनों बहनों की शादी हो चुकी थी। सुंदर की शादी के बाद एक बेटा हुआ। सुंदर नशा करने का आदी था, जिसके कारण उसकी पत्नी भी उसे छोड़ कर चली गई। सुंदर का करीब 15 वर्षीय बेटा गांव अमीपुर में किसी रिश्तेदार के यहां रहकर भैंसों की डेयरी पर काम करता है। घर पर सुंदर ही अकेला रहता था तथा गांव के कुछ युवक अक्सर उसके घर पर आते-जाते रहते थे। आरोप है कि ये युवक सुंदर को नशा कराते थे, जिससे रुपयों का लेन-देन हो गया था। रुपयों के लेन-देन के चलते ही सुंदर की ईंटों से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई।