सब्जियों के दामों में गिरावट, गृहणियों को राहत
होडल। नए वर्ष में सब्जियों की आवक बढ़ने से गृहणियों को राहत मिली है। वहीं, सब्जी की फसल करने वाले किसानों की आमदनी में कटौती हो रही है। क्योंकि, बाजरों में सब्जियों के दामों में काफी कमी आ गई है। हरी सब्जियों की आवक मांग से अधिक होने के कारण रसोई का बजट सुधरा है। दिसंबर से पहले लोगों के रसोई का बजट बिगड़ गया था। 200 रुपये किलो तक बिकने वाली धनिया अब 5 रुपये में बिक रही है। एक माह पहले मटर का भाव 160 रुपये किलो चल रहा था, अब खुदरा में 20 रुपये किलो बिक रहा है। आलू से लेकर गाजर, मैथी, पालक, गोभी सभी के दामों में काफी गिरावट है। हालांकि, आवक में सुधार बीते पखवाड़े से ही होने लगा था। नए साल में और अधिक सस्ती सब्जियां मिल रही हैं।
रामअवतार, हरी सिंह, लक्ष्मण सिंह, रामकिशन आदि किसानों ने बताया कि मंडी तक सब्जियों को लाने के लिए किराया तक भी नहीं निकल रहा है। इस कारण उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। मंडी सचिव मनोज पराशर ने बताया कि इन दिनों सब्जी की आवक बढ़ गई है। नया आलू आने के बाद खुदरा में 15 से 20 रुपये किलो बिक रहा है। सब्जियों के दामों में गिरावट होने से सब्जी किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सब्जियों के दाम
गोभी 5 से 10 रुपये किलो
आलू 15 से 20 रुपये किलो
प्याज 25 से 30 रुपये किलो
मूली 5 से 10 रुपये किलो
मटर 20 रुपये किलो
खीरा 20 रुपये किलो
टमाटर 20 रुपये
पालक , मेथी 10 रुपये