संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। एसडीएम हरिराम ने बताया कि हरियाणा सरकार ने चिरायु आयुष्मान भारत योजना का विस्तार किया है। अब 1.80 लाख रुपये से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार भी निर्धारित प्रीमियम देकर योजना का लाभ उठा सकेंगे। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। एसडीएम ने बताया कि परिवार पहचान पत्र में दर्ज सत्यापित वार्षिक आय के आधार पर पात्रता निर्धारित होगी। योजना के तहत पात्र परिवार सूचीबद्ध अस्पतालों में प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करवा सकेंगे। योजना के तहत 1.80 लाख से तीन लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवारों को 1,500 रुपये, तीन लाख से छह लाख रुपये तक आय वालों को 4,000 रुपये और छह लाख रुपये से अधिक आय वाले परिवारों को 5,000 रुपये वार्षिक प्रीमियम देना होगा। योजना के लिए पंजीकरण और प्रीमियम भुगतान का पोर्टल 30 नवंबर तक खुला रहेगा।