बड़कली चौक पर बंद पड़े नालों की सफाई और खुदाई कराती प्रशासनिक टीम।
शुक्रवार के अंक में प्रकाशित समाचार, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।
ब्रजमंडल यात्रा से पहले जलभराव दूर करने में जुटा प्रशासन
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। बड़कली चौक पर लंबे समय से बनी जलभराव और कीचड़ की समस्या को लेकर प्रकाशित समाचार के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। शुक्रवार को अमर उजाला में इस मुद्दे को बड़कली चौक पर जलभराव शीर्षक से प्रमुखता से उठाए जाने के कुछ ही घंटों बाद प्रशासन ने जेसीबी मशीन और सफाई कर्मचारियों को भेजकर बंद पड़े नालों की खुदाई एवं सफाई का कार्य शुरू करा दिया। इससे ब्रजमंडल (जलाभिषेक) यात्रा के दौरान आवागमन में सुविधा होगी।
गौरतलब है कि बड़कली चौक पर लंबे समय से नालों के अवरुद्ध होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर जमा था। इससे आसपास के दुकानदारों, राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी। ब्रजमंडल यात्रा के मद्देनजर यह समस्या और गंभीर मानी जा रही थी।
बीडीपीओ विशाल आजाद ने बताया कि बड़कली चौक पर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जहां-जहां नाले अवरुद्ध हैं, उन्हें पूरी तरह साफ कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आगामी ब्रजमंडल यात्रा के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। यात्रा शुरू होने से पहले पूरे मार्ग को जलभराव मुक्त और साफ-सुथरा बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।