नूंह। रोजकामेव थाना क्षेत्र में हाईवा की किस्तें नहीं भरने के विवाद में वाहन के इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अदालत के आदेश पर दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गांव रोजकामेव निवासी तामिल ने शिकायत में बताया कि उसने अपना हाईवा गांव पल्ला निवासी वसीम को बेचा था। वसीम ने शुरुआत में कुछ किस्तें जमा कराईं, लेकिन बाद में भुगतान बंद कर दिया। पैसे मांगने पर उसने किस्तें भरने से इन्कार करते हुए जान से मारने की धमकी दी और गाड़ी कटवाने की बात कही।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने खेड़ा खलीलपुर से हाईवा पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जांच में इंजन नंबर की प्लेट गायब मिली और चेसिस नंबर में भी गड़बड़ी पाई गई। टाटा कंपनी के अधिकृत सर्विस सेंटर से जांच कराने पर वाहन की वास्तविक पहचान से जुड़ी जानकारी सामने आई। जांच अधिकारी दयाचंद ने बताया कि अदालत के आदेश पर वसीम और मोहम्मद खान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।