नगीना। नगीना के मुख्य बाजार और गोरवाली चौक पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई के बाद भी हालात फिर से बिगड़ने लगे हैं। कुछ समय पहले बीडीपीओ विशाल आजाद के नेतृत्व में चलाए गए बड़े अतिक्रमण रोधी अभियान के बाद खाली कराई गईं सड़कें एक बार फिर अवैध कब्जों की चपेट में आ चुकी हैं। बाजार में दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी वालों ने दोबारा सामान सड़कों तक फैला लिया है, जिससे चौड़ी हुई सड़कें एक बार फिर बेहद तंग हो गई हैं।
बीडीपीओ विशाल आजाद ने कहा कि प्रशासन अतिक्रमण को लेकर पूरी तरह गंभीर है और किसी को भी सरकारी रास्ते या सड़कों पर अवैध कब्जा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन दुकानदारों या व्यक्तियों ने दोबारा अतिक्रमण किया है, उन्हें चिह्नित किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें लीगल नोटिस जारी किए जाएंगे। नोटिस के बावजूद कब्जा न हटाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और पुनः बुलडोजर कार्रवाई की जाएगी।