कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ काली पट्टी बांध किया प्रदर्शन
- जमकर की नारेबाजी, सरकार पर लगाए वादाखिलाफी के आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
पलवल। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मेकेनिकल वर्कर्स यूनियन ने मंगलवार को प्रदेश सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में पब्लिक हेल्थ ब्रांच पलवल के सब डिवीजन पर काले पट्टी लगाकर गेट मीटिंग की। अध्यक्षता ब्रांच प्रधान बालकिशन शर्मा की, जबकि संचालन ब्रांच सचिव रामजीत राणा ने किया।
इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान राजेश शर्मा ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा जनस्वास्थ्य विभाग की शहरी स्कीमों को कर्मचारियों सहित नगर निगमों के हवाले करने से आम जनता और कर्मचारियों को परेशानी आ रही है। समस्याओं के चलते संगठन को आंदोलन करना पड़ रहा है। हरियाणा सरकार ने 16 अक्टूबर को करनाल व सोनीपत शहर की जल व मल की व्यवस्था नगर निगम के हवाले करने के निर्णय लिया था। उसके बाद यमुनानगर, पानीपत, रोहतक व हिसार की भी जल व मल की व्यवस्था नगर निगम को देने की योजना थी। जिसके विरोध में संगठन ने एक मार्च को जन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारी लाल के आवास पर प्रदर्शन करते हुए अनिश्चितकालीन धरने का आयोजन किया था। पांच मार्च को मंत्री के साथ बातचीत हुई और विश्वास दिलाया कि यमुनानगर, पानीपत, रोहतक व हिसार की जल व मल की व्यवस्था को नगर निगमों के हवाले नहीं किया जाएगा व करनाल, सोनीपत शहर की जल व मल योजनाओं को वापिस लाने का प्रयास किया जाएगा। परंतु सरकार अपने वायदे से मुकर गई। जिला सचिव योगेश शर्मा ने बताया कि 21 से 23 मई तक काली पट्टी बांधकर विरोध जताया जाएगा। उसके बाद 24 मई को जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बैठक को वरिष्ठ उपप्रधान बनवारी लाल, राज्य के प्रचार सचिव राकेश तंवर, वरिष्ठ उपप्रधान डालचंद शर्मा ने किया।