संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव बघौला स्थित कंपनी में बिना सुरक्षा उपकरणों के जबरन काम कराने के कारण कर्मचारी हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया। हादसे में कर्मचारी बुरी तरह से झुलस गया। कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब 15 दिन से उसका उपचार चल रहा है तथा स्थिति गंभीर बनी हुई है। आरोपियों ने कर्मचारी को काम न करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी थी। गदपुरी थाना पुलिस ने पीड़ित के पिता की शिकायत पर कंपनी मालिक, एचआर मैनेजर व ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
गदपुरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजवीर सिंह के अनुसार गांव बघौला निवासी सुंदर सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है कि उसका 25 वर्षीय बेटा संदीप कश्यप बीती जनवरी से जनौली रोड स्थित एवन ट्यूबटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में ओमबीर ठेकेदार और एचआर विभाग एचआर मैनेजर चंद्रप्रकाश के अंतर्गत कार्य कर रहा था। बीती 10 जून को प्रतिदिन की तरह संदीप कंपनी में काम कर रहा था। उसी दौरान कंपनी की लापरवाही के चलते संदीप को 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन से करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। उसका इलाज गंभीर हालत में फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
संदीप ने उन्हें बताया कि ठेकेदार ने उससे बिजली लाइन के पास पानी की पाइप लाइन ठीक करने के लिए कहा था। उसने ठेकेदार से बिजली की लाइन से बचाव के लिए सुरक्षा उपकरण मांगे थे, जिसपर ठेकेदार ने कहा कि कंपनी में सुरक्षा उपकरण मौजूद नहीं हैं। यदि काम करना हो तो ऐसे ही करो, नहीं तो नौकरी छोड़ दो। जब सुंदर ने इस बारे में एचआर मैनेजर से शिकायत की तो उसने भी कहा कि उनके पास कोई सुरक्षा उपकरण नहीं हैं, वह कंपनी के मालिक महाजन से बात करता है। कुछ देर बाद एचआर मैनेजर ने कहा कि उसकी महाजन साहब से बात हो गई। उसे बगैर उपकरणों के ही काम करना पड़ेगा, नहीं तो उसे कंपनी से निकाल दिया जाएगा। इसके बाद संदीप काम करने चला गया और करंट लगने से वह झुलस गया। शिकायतकर्ता के अनुसार संदीप की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।