संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां। पसमांदा समाज को सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत करने के उद्देश्य से रविवार को यादराम गर्ग फार्म हाउस में पसमांदा इत्तेहाद तंजीम की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व जिला पार्षद यूनुस अलवी ने की, जबकि मंच संचालन एडवोकेट गुलाम नबी आजाद ने किया। तंजीम प्रमुख आदिल इलयास ने संगठन के उद्देश्यों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी।वक्ताओं ने कहा कि समाज की तरक्की के लिए शिक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है। विशेषकर बेटियों की शिक्षा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया। लोहार, बई और अन्य कारीगर समाजों के हुनर को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की बात भी कही गई। राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और अधिकारों के प्रति जागरूक होने पर भी चर्चा हुई। आदिल इलयास ने कहा कि तंजीम का उद्देश्य किसी का विरोध नहीं, बल्कि पसमांदा समाज को पिछड़ेपन से बाहर निकालना है। अभियान को राजस्थान और उत्तर प्रदेश तक ले जाने पर भी विचार हुआ।