संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। गांव बलई स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय में करवाए गए विकास एवं रखरखाव कार्यों की समीक्षा की गई और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया। इस दौरान सदस्यों ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों, मूलभूत सुविधाओं और स्कूल में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर चर्चा की। समिति सदस्यों ने सुझाव दिया कि विद्यालय की आवश्यकताओं के अनुसार अतिरिक्त सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिकता से कदम उठाए जाएं तथा संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर समाजसेवी जुनेद ने कहा कि गांव के सरकारी स्कूल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।