बिजली कर्मियों से की गई मारपीट के विरोध में प्रदर्शन
पलवल। ऑल हरियाणा पावर कारपोरेशन वर्कर यूनियन के आह्वान पर बुधवार को देहात सब डिवीजन कार्यालय पर कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन बिजली कर्मचारियों के साथ चार मई को गांव भुर्जा में मौजूदा सरपंच व अन्य लोगों द्वारा की गई मारपीट के विरोध में किया गया। इसकी अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान दीना बत्रा ने तथा संचालन यूनिट वरिष्ठ उप प्रधान राज कुमार डागर ने किया।
इस अवसर पर पलवल सर्कल सचिव जितेन्द्र तेवतिया ने कहा कि गांव के मौजूदा सरपंच के द्वारा जो बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई वह निंदनीय है। पुलिस ने कई दिन बाद मुकदमा दर्ज किया। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने बिजली निगम प्रबंधन पर कर्मचारियों से ज्यादा काम कराने और कर्मचारियों की संख्या कम होने का आरोप लगाया। उन्होंने निगम और पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अगले चार-पांच दिन के अंदर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो पूरे डिवीजन के अधीन सभी कार्यालयों का कामकाज बाधित किया जाएगा तथा डिवीजन कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर सरजीत सोरौत, मेवा राम, मनोज, जसबीर सिंह, सूबे सिंह, धन सिंह ने भी अपने विचार रखे।